Search
  • Noida, Uttar Pradesh,Email- masakalii.lifestyle@gmail.com
  • Mon - Sat 10.00 - 22.00

Author Archives: Pooja Sharma

खूबसूरत पोशाक

काश मैं भी तुम्हारी तरह स्लिम होती, काश मैं भी तुम्हारी तरह हर पोशाक में बिलकुल फिट लगती…लेकिन! दरअसल कई बार हम दूसरों जैसा दिखने के चक्कर में कुछ भी करने को तैयार हो जाते है, पर ये मुमकिन नहीं है क्योंकि हर इंसान अपने आप में अलग होता है और ख़ास होता है।

जी हां, आप अपने आप को फिट रखने के लिए प्राकृतिक तरीके अपना सकते हैं, जैसे हेल्थी डाइट ले,  योग करे आदि।

जरा रुकिए.., इतना ही नहीं, मेरे पास आपके लिए कुछ ऐसा है जिससे आप अपने हर अवतार में फिट लग सकती है, बस जरूरत है अपने वार्डरोब में थोड़ा बदलाव करने की, अपनी कपड़ों को नए रंग देने की और थोड़ा सा बदलाव खुद में करने की तो चलिए फिर कुछ ऐसी तरकीब के बारे में जानते है जिन्हें अपनाकर आप और भी ज्यादा खूबसूरत लगेंगी-

सही फिटिंग वाले कपड़े पहनें

खूबसूरत पोशाक

हम सही फिटिंग के कपड़ों का इस्तेमाल करके अपने आपको पहले से ज्यादा आकर्षक दिखा सकते है लेकिन आपको ध्यान रखना है अगर आप मोटी है तो आप न ज्यादा फिटिंग वाले कपड़े पहने और न ही ज्यादा ढीले। आपको अपने कपड़े की सही फिटिंग का ध्यान रखना होगा।

गहरे रंग के कपड़े पहनें

हमारे पहनावे में रंगों का बहुत अधिक महत्व है। आप अपने आप को स्लिम दिखाना चाहते है तो गहरे रंग के कपड़े पहनें। इससे आप पहले से ज्यादा फिट नज़र आ सकती है। आप वॉयलेट, ब्लैक, ब्लू, रेड, ब्राउन आदि रंगो के कपड़े इस्तेमाल कर सकती है।

गले के डिजाइन व आकार का ख़ास ध्यान रखें

अगर आप खुद को थोड़ा स्लिम दिखाना चाहती है तो याद रखे कि कम गहराई वाले गले का आकार या डिजाइन आपकी मदद कर सकता है। इसके लिए आजकल बोट नेक डिजाइन चलन में है।

बड़े प्रिंट वाले डिजाइन वाले कपड़े न पहनें

जब भी आप कपड़ों का चयन करें तब ध्यान रखे कि आपको हमेशा छोटे प्रिंट वाले कपड़े लेने चाहिए, क्योंकि बड़े प्रिंट वाले कपड़े आपको और भी ज्यादा मोटा दिखा सकते है।

भारी साड़ियों के चयन से बचें

जब भी आप अपने लिए साड़ियों का चयन करे तो ध्यान रखे कि भारी साड़ियों से आप थोड़ी दूरी बना कर रखे क्योंकि नेट वाली साड़ी या फिर ज्यादा स्टोन वर्क वाली साड़ी आपको मोटा दिखा सकती है।

बालों को खुला न रखें

अगर आप थोड़ी मोटी है और आपकी हाइट भी कम है तो इसका आपको विशेष ध्यान रखना चाहिए कि आप ड्रेसअप होते समय बालों को बांध ले, उन्हे खुला न छोड़े, क्योंकि खुले बालों में आप और ज्यादा मोटी और आपकी हाइट भी कम ही लगेगी। इसके लिए आप पोनी, बना सकती है, या आप खजुरी चोटी भी बना सकती है, या इसके लिए आप फ्रेंच चोटी भी बना सकती है, ये सभी आपके लुक को परफेक्ट कर देंगे।

हमेशा पतले बॉर्डर वाली साड़ी ही चुनें

अगर आप अपने लिए साड़ी खरीद रही है तो हमेशा पतले बॉर्डर वाली साड़ी ही ले। इससे आप और भी ज्यादा खूबसूरत दिखेंगी।

ब्लाउज़ का भी रखे ख़ास ख्याल

अगर आप साड़ी पहनने की शौकीन है लेकिन डरती है कि साड़ी में आपकी चर्बी दिखेगी, तो आप इस बात को ध्यान में रख कर साड़ी पहन सकती है। जब भी आप साड़ी ले तो अगर ब्लाउज़ हैवी है तो साड़ी हल्की और सिंपल ले, और अगर साड़ी में हैवी वर्क है तो ब्लाउज़ सिंपल ले।

डार्क मेकअप न करें

जी हां, आप इन भी किसी फंक्शन में जाए इस बात का ध्यान रखे कि डार्क मेकअप न करे, ये आपको उम्र से ज्यादा तथा और ज्यादा मोटी दिखा सकता है। जहां तक हो सके नेचुरल तरीके से ही तैयार हो।

हेवी ज्वैलरी का इस्तेमाल न करें

अगर आप किसी भी पार्टी, फंक्शन में अपने आपको सबसे ज्यादा खूबसूरत दिखना चाहती है तो ध्यान रखें कि कभी भी बहुत हेवी ज्वैलरी का उपयोग न करे। हमेशा अपने लिए लाइट वेट एक्सेसरीज ही चुनें।

तो दोस्तों, आज के लिए बस इतना ही, फिर मिलेंगे कुछ नए और उपयोगी विषयों के साथ, अपना और अपनों का ख्याल रखें।

फोटो सौजन्य- गूगल

ख्वाहिशें

आज हम कुछ ऐसी परिस्थितियों पर बात करने जा रहे है जो हमारे ऊपर इस कदर हावी हो जाती है कि हम उनकी ऊंगली पकड़े सब पीछे छोड़ उनके साथ हो लेते है। वैसे सच कहूं तो हमारे सामने कोई दूसरा विकल्प नहीं होता इसलिए हम कुछ नहीं कर पाते।

तो मैं आपका ज्यादा समय ना लेते हुए आपको उलझनों में न डालते हुए शुरू करती हूं तो चलिए…

भागमभाग के इस दौड़ में हम उस ज़िन्दगी से बहुत दूर निकल आए है  जिसे कभी हमने भरपूर जिया होता है हर लम्हें को पास से छू कर देखा होता है, शोर के साथ अपनी आवाज़ मिलाकर दिल के तार छेड़े होते है, खामोशियों के साथ अपनी अलग ही कोडिंग की होती है।

हवा के झोंके के साथ बहना सीखा होता है, कड़ी धूप में भी अपनी मस्ती के साथ छांव का अहसास किया होता है, रात भर आखों से गुम हुई नींद को छत पर बैठकर तारों से बातें करते हुए आवाज़ लगाई होती है…हर पल को कुछ इस तरह से जिया होता है जैसे वो हमारी ज़िन्दगी का आखिरी पल हो।

लेकिन कहते है ना “जब सिर पर जिम्मेदारियां बढ़ जाती है तो ख्वाहिशें खुदकुशी कर लेती है” बस कुछ यही होता है जब ज़िन्दगी अपनी रफ्तार से आगे बढ़ रही होती है और हम उसी रफ्तार से पीछे छूट रहे होते है…पर फिर भी कभी कभी उस पीछे छूटी ज़िन्दगी को दिल बिल्कुल वैसे ही दोबारा अपनी मुट्ठी में दबाना चाहता है जैसे वो अपनी मां का दिया हुए एक रुपये का सिक्का ये समझ कर दबा लेता है कि ये सिर्फ उसका है और इसपर सिर्फ उसका हक है…फिर कितनी कोशिश करनी होती है उसे समझने के लिए देखिए:-

बहुत समझाया मैंने ख्वाहिशों को फिर भी मुंह उठाए चली आती है।

वो ज़िन्दगी रहती ही नहीं अब उस पते पर आकर वो जिसकी डोर बेल  बजाती है।।

समझती नहीं वो की समझदारी आते ही, मासूमियत अपनी सीट छोड़े जाती है, लफ्ज़ जब तक समझ आते है ठीक से, तब तक बातें बेअसर हो जाती है। समझती ही नहीं वो की अब वो सुकून भरी रात कहां आती है।

जब तक उस लम्हें तक पहुंचते है हम, तब तक ज़िन्दगी दोबारा रफ्तार भरे जाती है। बहुत समझाया मैंने ख्वाहिशों को फिर भी मुंह उठाए चली आती हैं, वो ज़िंदगी रहती ही नहीं अब उस पते पर, आकर वो जिसकी डोर बेल बजाती है।

समझती नहीं वो की सर्दियों की वो गरम धूप अब मेरी ठिठुरन और बढ़ाती है, जब तक ज़िम्मेदारियों से फारिक़ होते है हम, तब तक वो भी अपने घर लौट जाती है।

कैसे समझाऊं इसे कि ये बारिश मेरे कपड़ों की बजाए, अब मेरी रूह को भिगोती है, नहीं समझती वो कि ज़िन्दगी अब एक साबुन सी हो गई है जितना जीने कि कोशिश करो उतना घिसती चली जाती है।

आती है अब भी वो पुरानी यादें, और मेरे कंधे पर सिर रखकर अपना मन हल्का किए जाती है,

जो कुछ छूट गया है पीछे उन सब की लिस्ट मुझे थमा जाती है,

कैसे समझाऊं उसे कि इन सब बातों को दिल पर ना ले,

ये ज़िन्दगी है यूंही कट जाती है,

कभी हम ख्वाहिशों को छोड़ देते है और कभी ख्वाहिशें हमें छोड़ जाती है..।

बहुत समझाया मैंने ख्वाहिशों को फिर भी मुंह उठाए चली आती हैं,

वो ज़िंदगी रहती ही नहीं अब उस पते पर, आकर वो जिसकी डोर बेल बजाती है।

आज हम बात करने वाले है उस छोटे बच्चे के बारे में जिसे हम समझाते तो बहुत है लेकिन अक्सर उसकी जिद के आगे हमें अपने घुटने टेकने पड़ते है
पिता है तो सपने है

हैलो दोस्तों कैसे है आप? मैं आपकी होस्ट और दोस्त आज फिर आपके लिए कुछ जिंदगी से जुड़ा हुआ, कुछ रोज की परेशानियों से अलग और दिल को सुकून देने वाला विषय लेकर आई हूं।

जी हां, वैसे तो दुनिया का हर रिश्ता अजीज़ और प्यारा होता है, हर रिश्ते की अपनी एक गरिमा, अपनी एक जगह होती है। लेकिन दोस्तों, कुछ रिश्ते ऐसे होते है जो कभी ये बयां नहीं करते कि हम उनके लिए कितने महत्वपूर्ण है, वो कहते है ना कि हर अहसास को बयां नहीं किया जाता। आज मैं उसी अहसास से भरे हुए रिश्ते को लेकर आई हूं आपके लिए, जो आपसे कभी ये नहीं कहते की आप में उनकी जान बसती है, लेकिन वो पूरी दुनिया को आप पर लूटा सकते है वो भी बिना किसी उम्मीद के, बिना किसी स्वार्थ के !

जी हां, अब तक आप समझ चुके होंगे की मैं किस रिश्ते की बात कर रही हूं। जी बिलकुल मैं बात कर रही हूं एक पिता और उनके बच्चे रिश्ते के बारे में, तो आइए कुछ देर के लिए डूब जाए इस प्यार भरे रिश्ते के अहसास में, दो चार गोते मार ले इनकी समुद्र सी गहराई में….

पिता पर लिख पाऊं, ऐसे अल्फाज़ कहां से लाऊं

कैसी मुश्किल है देखिए…बहुत समय से सोच रही थी कि पिता के लिए कुछ लिखूं लेकिन आज कलम लेकर बैठी हूं तो वो भी उनके सम्मान में झुकी हुई है, मानों मुझे याद दिला रही हो कि यही वो व्यक्ति है जिसने मुझे इसे पकड़ कर लिखना सिखाया है।।
समझ ही नहीं आ रहा की कहां से वो शब्द लाऊं जिनसे हमारी ज़िन्दगी में पिता की भूमिका को दर्शाया जा सके ।। बहुत मुश्किल है उन भावनाओं को शब्द देना जो एक पिता के दिल में उसके बच्चे के लिए होती है,

“पिता से ही बच्चों के ढेर सारे सपने है
पिता है तो बाज़ार के सब खिलौने अपने है।”

बहुत बार सुनी होंगी आपने ये खूबसूरत पंक्तियां..
लेकिन क्या असल ज़िन्दगी में हम इन पंक्तियों का महत्त्व समझ पाते है।। हम और आप ना जाने कितनी ही बार इस बात पर आपनी मोहर लगा देते है कि जितना एक बच्चे के लिए उसकी मां कर सकती है उतना कोई नहीं कर सकता लेकिन ये कहकर हम पिता कि हमारी ज़िन्दगी में जो अहम भूमिका है उसे अनदेखा नहीं कर सकते ।

यकीन मानिए जो हर मोड़ पर हमारी उंगली थामकर खड़े होते है, जो अपने कंधे पर ज़िम्मेदारियों का बोझ चुपचाप उठा लेते है और बिना उफ्फ तक किए हमारे लिए वो सब करते है जिसमें हमारी खुशियां हो वो सिर्फ और सिर्फ पिता ही होते है।।बच्चे जो सपने देखते है उनमें रंग भरने का काम भी पिता ही करते है।।

पिता के लिए सब कुछ यहां लिख पाना मेरे लिए बहुत मुश्किल है लेकिन चंद पंक्तियां है मेरे पास उनके लिए उम्मीद करती हूं आपको पसंद आएगी….

क्यों एक बच्चे की परवरिश का सारा श्रेय उसकी मां को दिया जाता है,
एक पिता भी तो खुद को जलाकर बच्चों को रोशनी देता है।
जब पैदा होता है बच्चा तो मिठाईयां तो वो भी बांटता है,
उतनी ही ममता से वो भी उसे गले लगता है
जब रोता है बच्चा तो वो भी तो सारी रात सो नहीं पाता है
फिर क्यों एक बच्चे की परवरिश का सारा श्रेय उसकी मां को दिया जाता है।।
बच्चे की एक मुस्कुराहट पर वो भी तो अपना हर ग़म भूल जाता है
उसकी ख्वाहिश को पूरा करने में अपनी चाहतों को दाव पर लगाता है
जब चलना सीखता है बच्चा तो वो भी तो अपनी उंगली के सहारे से उसे कदम बढ़ाना सिखाता है
फिर क्यों एक बच्चे की परवरिश का सारा श्रेय उसकी मां को दिया जाता है।।
जब किसी मोड़ पर डगमगाते है बच्चे तो आगे का रास्ता भी वहीं दिखाता है
उनकी कामयाबी देख वो भी तो बच्चो कि तरह ताली बजाता है
बच्चो की खुशी की खातिर ही वो अपनी पूरी जिंदगी लगा देता है
फिर क्यों एक बच्चे की परवरिश का सारा श्रेय उसकी मां को दिया जाता है।।
दोनों में बस फ़र्क इतना है कि मां की ममता दिखाई दे जाती है..और पिता अपना प्यार दिखा नहीं पाता है,
शायद इसलिए एक बच्चे की परवरिश का सारा श्रेय उसकी मां को दिया जाता है।।

फोटो सौजन्य गूगल

हम जानते है की पूरे देश में कोरोना काल चल रहा है, अस्पतालों में मरीजों के लिए बेड नहीं है, श्मशानो में लाशों की लंबी लाइन है, लोग अपने प्रियजनों का अंतिम संस्कार भी नहीं कर पा रहे है। जिस हवा में इंसान खुल कर सांस लेने की सोचता था.
दालचीनी के लाभकारी गुण
आज हम बात करने जा रहे है जिसके नाम में चीनी है पर मिठास नहीं, वह हर किचन में उपलब्ध होता है और वह बहुत ही लाभकारी होता है,
शतावरी महिलाओं के लिए जरूरी
ये जुमला बहुत बार सुना होगा आपने लेकिन एक लड़की को मां बनने की इस प्रक्रिया में बहुत सारे चरणों से गुजरना पड़ता है। राहें कभी कभी बहुत मुश्किल होती है, इस सफ़र की।
भारतीय शादी के रिवाज

बैग… जी हां, वही बैग जो मां ने शादी के समय ये कहते हुए मेरे ज़रूरी सामान से भर दिया था कि उस घर जाते ही तुम्हें इसकी जरूरत पड़ेगी….तेरा सारा ज़रूरी सामान इसमें रख दिया है।

उस वक्त लगा जैसे मां ने मेरी सारी दुनिया समेट कर उस बैग में रख दी हो, क्योंकि जब दूसरे घर जाऊंगी तो मां नहीं होगी वहां, यही सूटकेस होगा जो मां ने मेरी विदाई के वक्त मेरे साथ गाड़ी में रख दिया था।

बड़ा मुश्किल था उस सुहाने सपनों की दुनिया से इस हकीकत की दुनिया में आना। पर मां अक्सर कहा करती है कि ‘एक दिन हर लड़की को जाना होता है अपने घर’ तो मैने भी हां में सिर हिला दिया। फिर तो बस समय जैसे पंख लगा कर उड़ गया था…

लेकिन जब दूसरे घर जाकर देखा तो उस सूटकेस में मेरी जरूरत का तो सारा सामान था लेकिन मेरी जिंदगी तो वही उसी घर में छूट गई थी। मैंने मां पर भरोसा कर लिया था कि उन्हें पता है कि मेरे लिए ज़रूरी क्या है तो उन्होंने रख दिया होगा। पर नहीं उसमें तो वो था ही नहीं जो मेरे लिए वाकई ज़रूरी था।

मेरी वो बचपन वाली शरारतें, वो खिलखिलाकर हंसना, पापा के साथ मस्ती, भाई बहनों को परेशान करना, वो ‘तोरी की सब्जी नहीं खानी’ वाले नखरे, वो आलू के पराठे खाने की जिद, वो चोट लगने पर मां के सीने से चिपक जाना, वो मां के डांटने पर उनकी शिकायत पापा से करना,  आइस क्रीम खाने की जिद , वो चांद को देखकर उसे पा लेने का जुनून, रात को मां से चिपक कर वो सुकून भरी नींद, नींद में बुरा सपना देखने पर मां का वो पुचकार कर वापिस सुला देना, वो हर जन्मदिन पर मां का नए कपड़े लाकर देना, वो नारियल तेल की मालिश , वो बारिश में ना भीगने की हिदायत, वो सड़क पार करते हुए मां का मेरा हाथ कस के पकड़ लेना, वो दुकान पर रखा बड़ा सा टेडी बियर लेने की जिद करना…..और न जाने क्या क्या..! सब तो वही छूट गया मां। वो हसीन यादें तो तुम मेरे इस सूटकेस में रखना ही भूल गईं।

शादी में मां-बेटी

हालांकि इस बैग में वो सामान है ही नहीं जो मेरे लिए ज़रूरी हैं लेकिन फिर भी ये बहुत भारी लगता है मां।

आज जब भी इसे लेकर तुमसे मिलने आती हूं ये तब भी भारी होता है…और जब तुमसे मिलकर वापिस आती हूं ये तब भी भारी होता है…इसके अंदर कुछ हो न हो मां, लेकिन तुमसे मिलकर वापिस आते वक्त जब मन भारी होता है, तो इस बैग का वजन दोगुना हो जाता है। कभी कभी ये बोझ मै उठा ही नहीं पाती।

मां मेरा सारा ज़रूरी सामान मुझे वापिस कर दो और बदले में ये बैग तुम भले ही वापिस ले लो। मेरे कंधे और दिल अभी भी बच्चों से ही है मां, इस बैग को उठा पाना मेरी बस का हैं ही नहीं। मैं अभी भी तो तुम्हारी वही छोटी बच्ची हूं जिसके जिद करने पर भी दुकान से लाया भारी सामान तुम उठाने नहीं देती थी…

तो आज क्या हो गया… क्यों मुझे बड़ा बना देने की जिद करने लगी हो तुम ….

देखो मां मैं कह देती हूं…तुम मुझसे मेरा ज़रूरी सामान नहीं छिन सकती…

मेरा ज़रूरी सामान मेरे मां-पापा का प्यार है…और वो घर है.. हां मैं उन्हें सूटकेस में तो नहीं ला सकती.. लेकिन तुम्हें बताए बिना मैं चुपके से इन्हें दिल में रख लाई हूं…मुझे माफ करना मेरी प्यारी मां.. लेकिन यही सामान मेरी जिंदगी है…।

फोटो सौजन्य- Pinterest

दोस्ती के रिश्ते

हां, सच ही तो है…”कुछ रिश्तों के नाम नहीं होते, 

                      कुछ रिश्ते सिर्फ नाम के ही होते है।”

इन दो पंक्तियों में रिश्तों की पूरी व्याख्या कर दी गई है। और वाकई जिंदगी में हर पड़ाव एक सा नहीं होता और न ही स्थितियां एक सी होती है, हां लेकिन जिंदगी का हर पड़ाव हमारी ऊंगली पकड़ कर हमें किसी ऐसे रास्ते की तरफ़ मोड़ देता है, जहां से हमें सामने का रास्ता साफ देखने में आसानी हो जाती है। इन दो तरह के रिश्तों से हम बहुत कुछ सीख जाते है… गिरकर संभलना… रो कर हंसना… हार कर जीतना…और बिखर कर सिमटना।

ये दो तरह के रिश्ते हमें बहुत सारे अहसास एक साथ करवा देते है …तो देखिए फिर कि अक्सर क्या क्या करते है ये हमारे लिए:-

कुछ हमें देने के लिए अपना सब दांव पर लगा देते है,
कुछ हमारा भी लेने की फिराक में रहते है,

कुछ हमारी सफलता के गुब्बारे में रोज हवा भरते है,
कुछ उसी गुब्बारे में पिन चुभने की कोशिश में लगे रहते है,

जी सही समझा, मेरा यकीन मानिए कुछ रिश्तों के नाम नहीं होते और कुछ रिश्ते सिर्फ नाम के ही होते है।

कुछ हमारे लिए चट्टान से खड़े होते है, तो कुछ हम पर हथौड़ा चलाने के लिए तैयार रहते है।

कुछ की दुआओं में सिर्फ हमारा नाम होता है, कुछ हमारी बर्बादी का कलमा रोज पढ़ते है।

यकीनन, कुछ रिश्तों के नाम नहीं होते, और कुछ रिश्ते सिर्फ नाम के ही होते है।।

तुम्हारे पास ज्यादा है मुझसे, ये शिकायतें वो तमाम करते है।

उनके सामने हम कुछ भी नहीं, इसका जिक्र भी वो सरेआम करते है।

गिर जाए उनके कदमों में किसी दिन, ये दुआ वो सुबह शाम करते है।

लेकिन कुछ है अपनों से भी अपने जो बिन बोले ही हमारा ख्याल रखते है..

यकीनन, कुछ रिश्तों के नाम नहीं होते और कुछ रिश्ते सिर्फ नाम के ही होते है।।

उपर लिखी हर एक पंक्ति आपको आज के समय से रूबरू करवाएगी, पर दोस्तो जिंदगी बहुत छोटी है, मैं मानती हूं कि इसमें आपको दोनों तरह के लोग मिलेंगे और ऐसा भी हो सकता है “जो रिश्ते सिर्फ नाम के ही होते है” ऐसे लोग आपको ज्यादा मिले लेकिन इसका ये मतलब बिल्कुल नहीं है, कि आपका “कुछ रिश्तों के नाम नहीं होते” वाली कैटेगरी से भी विश्वास उठ जाए।

बल्कि मैं तो कहूंगी की आप सिर्फ उन रिश्तों पर ध्यान दें जो आपकी सफलता के गुब्बारे में हवा भरते है… पिन चुभने वालों से आपको कुछ हासिल नहीं होगा…!

रिश्तों को निभाने के भी कुछ नियम होते है..कुछ जरूरत होती है..कुछ कायदे होते है…।

और अगर आपने इन सब को निभा लिया तो यकीनन आप दुनिया के सबसे खुशकिस्मत इंसान होंगे:-

1. रिश्तों में कुछ भी एकतरफा नहीं होता, दोनो तरफ़ से बराबर भावना होगी तभी अपनापन पनपेगा।

2. रिश्तों में कभी भी किसी को भी नीचा दिखाने की कोशिश मत करें। 

3. रिश्तों में कभी भी किसी की हैसियत देख कर अच्छे आचार व्यवहार की नियत मत रखो, बल्कि सभी का सम्मान करें।

4. रिश्तों में स्वार्थ भाव रखना सही नहीं।

5. रिश्तों में कभी भी गलत को बढ़ावा नहीं देना चाहिए।

6. रिश्तों में एक दूसरे के मुश्किल वक्त में साथ खड़ा होना चाहिए।

7. रिश्तों में कभी भी कोई भी फ़ैसला थोपना नहीं चाहिए.. हर हालात से निपटने के लिए एक दूसरे से सलाह कर लेनी चाहिए।

8. रिश्तों में एक दूसरे को वक्त देना भूत ज़रूरी है।

9. रिश्तों में मिठास बढ़ाने के लिए अगर आपको कुछ समझौता भी करना पड़ जाए तो पीछे न हटें।

10. और हां याद रखिए “सॉरी” और “थैंक्यू” जैसे शब्दों का इस्तेमाल आपको रिश्तों में रंग भरने का काम बहुत आसानी से कर सकते है।

तो दोस्तों आज के लिए बस इतना ही.. फिर मिलेंगे किसी अन्य विषय के साथ .. तब तक अपना और अपनों का ख्याल रखिए, हंसते और हंसाते रहिए।

फोटो सौजन्य- गूगल

मां दुर्गा

हर घर से वो मोहक सी कपूर की खुशबू आना..वो छोटे छोटे पैरों में पायल पहने लक्ष्मी सा घर में प्रवेश करना…वो छोटे छोटे हाथों से हलवा-पूरी का भोग लगाना…आया कुछ समझ..?

जी हां, हम बात कर रहे है नवरात्रि के पावन नौ दिनों की, कन्या पूजन की तथा उन दिनों में मां दुर्गा के नौ रूपों से उनकी कहानियों से बहुत कुछ सीखने को मिलता है.. उस अमृत की…

यूं तो दुर्गा मां वर्ष भर ही पूजनीय है लेकिन नवरात्रि के दौरान देवी पूजन और कन्या पूजन का विशेष महत्व होता है। माता के भक्तों के लिए ये नौ दिन कुछ अलग ही सुकून देने वाले होते है, भक्तों द्वारा पूरे नौ दिनों तक मां की पूजा अर्चना की जाती है। ग्रंथों के अनुसार ब्रह्मा, विष्णु, महेश द्वारा मां दुर्गा की उत्पत्ति हुई। अष्टभुजाओं में शस्त्र लिए तथा चेहरे पर मुस्कान लिए मां सिंह की सवारी करती है। कई राक्षसो का वध करने वाली मां दुर्गा ने मुश्किल समय में भी देवताओं की मदद कर अपने आपको आदिशक्ति साबित किया है, तो चलिए फिर हम भी इन नवरात्रि में जाने की आदिशक्ति के नौ रूपों से हमें क्या शिक्षा मिलती है:

  1. मुस्कान से मुश्किल हल- जब भी हम मां देखते है तो सबसे पहले हमें आकर्षित करती है उनकी मोहक मुस्कान। जी हां,उनकी मुस्कान हमें बताती है कि जीवन में कितनी भी मुश्किलें हो लेकिन हमें मुस्कान का दामन कभी नहीं छोड़ना चाहिए। बल्कि प्यारी सी मुस्कान के साथ हमें मुकाबला करना चाहिए।
  2. हर किरदार को महत्व देना- हम सब अपने जीवन में बहुत सारे किरदार निभाते है.. कभी पति-पत्नी, भाई-बहन, मम्मी-पापा, दादा-दादी, नाना-नानीऔर दोस्त बनकर। मां के नौ रूप हमें सिखाते है कि समय आने पर हमें अपने हर किरदार को साबित करने से पीछे नहीं हटना चाहिए।
  3. लक्ष्य के प्रति समर्पण- मां द्वारा महिषासुर का वध तथा अन्य राक्षसों का संहार करना हमें सिखाता है को जीवन में लक्ष्यों का निर्धारण कितना महत्वपूर्ण है। लक्ष्य निर्धारित करने से आपको अपने किए गए कार्यों का विश्लेषण करना आसान हो जाता है।
  4. निर्भयता- मां सिंह पर सवार होकर हमें यह सीख देती है कि अगर हम सही कार्य कर रहे हैं तथा हमारा मकसद सेवाभाव का है तो हमें किसी से भी बिना डरे अपना कार्य करते रहना चाहिए। जीवन के रास्तों को हमें निर्भयता से पर करना चाहिए।
  5. हर पल सीखने की कोशिश- मां दुर्गा के उत्त्पति तथा उनका आपने कार्य करना…देवताओं की मदद के लिए हरसमय खड़े रहना तथा उनके ब्रह्मा, विष्णु, महेश द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करना तथा हर पल उनसे सीखते रहना हमें सिखाता है की हमें अपने जीवन में हर पल सीखने की कोशिश करनी चाहिए।

वो कहा जाता है ना किसी के सीखने की कोई उम्र नहीं होती।।

तो दोस्तों आज के लिए सिर्फ इतना ही..फिर मिलते है किसी नए विषय के साथ.. तब तक के लिए अपना और अपनो का ख्याल रखें…

जय माता दी।।