Child Health: मां की भूमिका बच्चे के जन्म से शुरू होकर किशोरावस्था तक बनी रहती है लेकिन शिशु के जन्मदिन के 1,000 दिन तक सबसे महत्वपूर्ण माना जाता है। वैज्ञानिकों और बाल विशेषज्ञों की मानें तो इस समय के अन्तराल लिए गए फैसले, पोषण और इमोशनल देखभाल, बच्चे के दिमाग के विकास, फीजिकल डेवलवमेंट और समाजिक व्यवहार का बेस बनाते हैं।
जानें क्यों अहम हैं ये एक हजार दिन
जब एक मां हेल्दी होती है तो बच्चा भी स्वस्थ होता है। बच्चे के जीवन के पहले 1,000 यानी गर्भाधारण से लेकर दूसरे जन्मदिन तक- शारीरिक, मानसिक और इमोशनल विकास के लिए सबसे अहम वक्त होता है। इस दौरान मां को अच्छा पोषण, मानसिक सहयोग और नियमित देखभाल मिलने से बच्चे की जिंदगी भर के हेल्थ का फैसला होता है।
जच्चा-बच्चा की सेहत के लिए हमेशा याद रखें ये 6 बातें
1. गर्भधारण की योजना: सोच-समझकर पहला कदम

गर्भधारण की योजना सिर्फ माता-पिता की इच्छा भर नहीं होनी चाहिए, बल्कि यह स्वास्थ्य, पोषण, मानसिक स्थिति और घरेलू वातावरण को ध्यान में रखकर होनी चाहिए। सही उम्र (18 वर्ष से ज्यादा) और कम से कम दो बच्चों के बीच का दो साल का अंतर, मां और बच्चे दोनों के स्वास्थ्य के लिए जरूरी है।
2. पोषण: मां का भोजन, बच्चे का निर्माण
गर्भधारण से पहले और गर्भावस्था के दौरान सही पोषण, जैसे आयरन, फोलिक एसिड, विटामिन डी और ओमेगा-3 फैटी एसिड, न केवल मां की ताकत बढ़ाते हैं, बल्कि बच्चे के मस्तिष्क और शरीर के समुचित विकास में भी योगदान करते हैं। फास्ट फूड से परहेज़ और मौसमी हरी सब्ज़ियों का सेवन ज़रूरी है।
3. तनावमुक्त वातावरण और भावनात्मक सहारा
गर्भावस्था के दौरान तनाव मां के हार्मोन पर असर डालता है, जिससे बच्चे के जन्म के बाद उसका व्यवहार और सीखने की क्षमता प्रभावित हो सकती है। इसलिए परिवार का साथ, प्यार, सम्मान और सुरक्षा माँ के लिए अत्यंत आवश्यक हैं।
4. सुरक्षित जीवनशैली और संक्रमण से बचाव

धूम्रपान, शराब, जहरीले रसायनों से दूर रहना, समय पर टीकाकरण करवाना, साफ-सफाई रखना, और संक्रमण से बचाव की आदतें माँ और शिशु दोनों के लिए सुरक्षा कवच बनती हैं। कीटनाशकों से दूर रहना और फल-सब्ज़ियों को अच्छी तरह धोकर खाना जरूरी है।
5. जन्म के बाद की देखभाल: स्वर्ण अवसर
शिशु के जन्म के पहले घंटे को ‘गोल्डन आवर’ कहा जाता है। त्वचा से त्वचा का संपर्क, शीघ्र स्तनपान, और शुरुआती उत्तेजना—यह सब बच्चे के भावनात्मक जुड़ाव और प्रतिरक्षा प्रणाली के विकास के लिए ज़रूरी है।
6. बातचीत और संवेदनात्मक जुड़ाव की भूमिका
बच्चे के जन्म के पहले दिन से ही मां की आवाज़, स्पर्श और मुस्कान मस्तिष्क में हजारों नए कनेक्शन बनाते हैं। जब माँ बच्चे से बात करती है, गुनगुनाती है या मुस्कराकर देखती है, तो यह उसके सामाजिक और बौद्धिक विकास की नींव रखता है। यह केवल स्नेह नहीं, बल्कि विज्ञान आधारित ‘ब्रेन स्टिम्युलेशन’ है।
मां को सहयोग क्यों ज़रूरी है?
गर्भ में पल रहा शिशु पूरी तरह माँ पर निर्भर होता है- भोजन, ऑक्सीजन और सुरक्षा के लिए।
माँ का तनाव, पोषण की कमी, बीमारी या अकेलापन सीधे बच्चे की सेहत को प्रभावित कर सकता है।
अगर माँ को सही समय पर देखभाल, परामर्श और भावनात्मक समर्थन मिले, तो बच्चे का मस्तिष्क और शरीर बेहतर विकसित होता है।
6 महीने बाद क्या करें
छह महीने तक सिर्फ ब्रेस्ट फीडिंग। उसके बाद घर का बना सादा खाना शुरू करें।
मां को नई जिम्मेदारियों में मदद करें– बच्चा खाना न खाए तो मां को दोष न दें, साथ खाएं।
मां की सेहत का ख्याल रखें– गर्भावस्था की थकान अब भी हो सकती है।
नियमित टीकाकरण करवाएं – इसमें मां की भागीदारी ज़रूरी है।
परिवार की भूमिका क्या होनी चाहिए
पति, सास, ससुर, भाई-बहन सब मिलकर मां की मदद करें।
घरेलू काम बांटें, मां को सोने का समय दें।
झगड़े, शोर या उलाहने देने से बचें – मां की मानसिक शांति जरूरी है।
बच्चे के रोने या बीमार होने पर मां को दोषी न ठहराएं।
आयरन, फोलिक एसिड, कैल्शियम, टीकाकरण की सुविधाएं सरकार मुफ्त देती है– इनका पूरा लाभ लें।
गर्भावस्था पंजीकरण समय पर कराएं।


